दिवाली का त्योहार नजदीक है और इस बार मिठाई से हटकर कुछ नया और अनोखा बनाने की सोच रहे हैं? तो खाने वाले दीये एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। यह न केवल देखने में सुंदर होते हैं बल्कि खाने में भी स्वादिष्ट और पौष्टिक होते हैं।
सामग्री और तैयारी
खाने वाले दीये बनाने के लिए आपको विशेष बेकिंग कौशल की जरूरत नहीं है। आप इसे घर पर ही कुछ आसान और स्वास्थ्यवर्धक सामग्री से तैयार कर सकते हैं। इसमें खजूर, काजू, बादाम, अखरोट, पिघली हुई चॉकलेट, तिल, और देसी घी की आवश्यकता होती है।
सबसे पहले, काजू, बादाम और अखरोट को हल्का-सा ड्राई रोस्ट करें। इसे ठंडा होने के बाद मिक्सर में हल्का दरदरा पीस लें। ध्यान रहे कि यह फाइन पाउडर न बने। खजूर को मिक्सर में डालकर सॉफ्ट पेस्ट बना लें।
खाने वाले दीये बनाने की विधि
एक नॉन-स्टिक पैन में देसी घी डालकर खजूर के पेस्ट को हल्का-सा भून लें। अब एक बड़े बर्तन में भुना हुआ खजूर का पेस्ट और दरदरे पिसे हुए ड्राई फ्रूट्स को मिलाएं। अपने हाथों पर घी लगाकर इसे आटे की तरह गूंथ लें।
इस मिक्सचर से छोटे-छोटे गोले बनाएं और अंगूठे की मदद से हल्का-सा दबाकर दिए की शेप दें। अब इसे तिल से कोट करें और बीच में पिघली हुई चॉकलेट भर दें। चॉकलेट सेट होने से पहले, हर दिए के बीच में एक साबुत बादाम को सेट करें। इसे थोड़ी देर फ्रिज में रखें ताकि चॉकलेट जम जाए।
खास टिप्स
अगर खजूर अधिक सूखे हों, तो उन्हें गरम पानी में भिगोकर इस्तेमाल करें। दीयों को सजाने के लिए सफेद या काले तिल का उपयोग करें जिससे इनका लुक और आकर्षक बने।
इस दिवाली कुछ नया ट्राई करें और अपने मेहमानों को इस अनोखी रेसिपी से चकित करें।
Source: NDTV India
