उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हाल ही में ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ प्रदर्शनी में शामिल हुए, जहां उन्हें एक छोटी बच्ची ने खास तोहफा दिया। इस प्रदर्शनी के दौरान बच्ची ने मुख्यमंत्री को अपनी मां के हाथों से बनी मूंग दाल नमकीन का पैकेट भेंट किया। इस घटना ने वहां मौजूद सभी लोगों का ध्यान खींचा।
भावुक पल
इस मौके पर बच्ची ने मुख्यमंत्री से कहा, “आप हमें चॉकलेट देते हैं, इसलिए हम आपके लिए यह लाए हैं। इसे मेरी मम्मी ने बनाया है।” मुख्यमंत्री ने इस भावुक पल को अपने भाषण में भी साझा किया। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा उत्पाद है जो घर-घर में तैयार हो सकता है और इसे ब्रांड के रूप में बढ़ावा दिया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं विभाग से कहूंगा कि इसे बेहतर पैकेजिंग के साथ जोड़ा जाए। यह एक ब्रांड बन सकता है। मैंने उस बिटिया के साथ सेल्फी भी ली।” इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्ची और उसके साथी बच्चों को मंच पर बुलाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर लोगों से स्थानीय उत्पादों को उपहार के रूप में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कुल निर्यात में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) उत्पादों की हिस्सेदारी लगभग 50 प्रतिशत तक पहुंच गई है। उत्तर प्रदेश के 81 उत्पादों को GI टैग भी मिल चुका है।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों के उत्पादों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को भी मजबूत करेगी।
Source: NDTV India
