हिंदू धर्म में अमावस्या तिथि का विशेष महत्व है, और जब यह सोमवार के दिन पड़ती है तो इसे सोमवती अमावस्या कहा जाता है। इस वर्ष कार्तिक महीने की अमावस्या पर सोमवती अमावस्या का संयोग बन रहा है, जो साल की अंतिम सोमवती अमावस्या होगी। इस विशेष दिन पर भगवान शिव, माता पार्वती और पितरों की पूजा का विधान है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन स्नान और दान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।
स्नान-दान का शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि 8 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजकर 27 मिनट पर शुरू होगी और इसका समापन 9 नवंबर को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट पर होगा। उदया तिथि के अनुसार, इस वर्ष की अंतिम सोमवती अमावस्या 9 नवंबर, सोमवार को मनाई जाएगी। इस दिन चावल, दाल, आटा, घी और गुड़ जैसी वस्तुओं का दान करना अत्यंत फलदायी माना जाता है। इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों को कपड़ों का दान भी किया जा सकता है।
पूजा विधि और परंपराएं
सोमवती अमावस्या के दिन सुबह जल्दी उठकर किसी पवित्र नदी में स्नान करें, या घर में नहाने के पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान करें। इस दिन सूर्य देव को अर्घ्य देने की परंपरा है।
रुई की बाती के बजाय इस दिन कच्चे सूत या कलावा की बाती बनाकर देसी घी का दीपक तैयार किया जाता है। पूजा की शुरुआत में भगवान गणेश या हल्दी से स्वास्तिक बनाकर उनका पूजन करें। पीपल के वृक्ष की पूजा करना और उसकी 108 बार परिक्रमा करना भी इस दिन की परंपरा है। भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा कर सुहाग की वस्तुएं अर्पित की जाती हैं और पितरों का तर्पण किया जाता है।
Source: NDTV India
