दिवाली का पर्व हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक माना जाता है, जो हर साल कार्तिक मास की अमावस्या को मनाया जाता है। इस वर्ष यह त्योहार 8 नवंबर को मनाया जाएगा। इस दिन लोग अपने घरों को सजाते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। इसके साथ ही माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा की जाती है। पूजा के बाद घर के हर कोने में दीपक जलाने की परंपरा है।
दीप जलाने का महत्व और मंत्र
दिवाली पर दीप जलाने का विशेष महत्व है। इसे शुभ माना जाता है और ऐसा कहा जाता है कि इस दिन दीप जलाने से लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है। इस अवसर पर एक विशेष मंत्र का उच्चारण करने की परंपरा भी है।
पुंडरीक गोस्वामी द्वारा यूट्यूब चैनल @SriPundrikGoswami पर साझा किए गए एक वीडियो में बताया गया है कि दीप जलाते समय “त्वं ज्योतिः श्री रविश्चंद्रो विद्युत्सौवर्ण तारकः। सर्वेषां ज्योतिषां ज्योतिर्दीपज्योतिः स्थिता तु या …” का उच्चारण करना चाहिए। इस मंत्र का अर्थ है कि देवी सूर्य, चंद्रमा, बिजली, सुवर्ण और तारे सभी आपके प्रकाश के प्रतीक हैं। आप समस्त ज्योतियों में परम ज्योति के रूप में दीप की लौ में विराजमान हैं।
दिवाली की रात का शुभ समय
दिवाली की रात मां लक्ष्मी स्वयं पृथ्वी पर भ्रमण करती हैं, और जिस घर में स्वच्छता और दीपों का दिव्य प्रकाश होता है, वहां वे स्थायी रूप से वास करती हैं। इस कारण दिवाली की शाम विधि-विधान से लक्ष्मी पूजन के बाद घर के मुख्य द्वार से लेकर हर कोने में दीपक जलाए जाते हैं। दीये जलाने का शुभ समय शाम 5.54 से 7.50 बजे तक रहेगा, जबकि इस दिन प्रदोष काल शाम 5.31 से रात 8.09 बजे तक होगा।
यह जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है।
Source: NDTV India
