भारतीय रसोई में अचार का अपना खास महत्व है, और नींबू का अचार तो हर घर में खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए जाना जाता है। यदि आप भी ऐसा अचार बनाना चाहते हैं जो जल्दी खराब न हो और स्वाद में लाजवाब हो, तो यह देसी रेसिपी आपके लिए है। इस रेसिपी को यूट्यूब चैनल ‘Village Life With Anita’ से लिया गया है, जिसमें पारंपरिक तरीके से नींबू का अचार बनाने की विधि बताई गई है।
नींबू का अचार बनाने की सामग्री
इस अचार को बनाने के लिए निम्नलिखित सामग्री की आवश्यकता होगी: 500 ग्राम पके हुए नींबू, स्वादानुसार नमक, 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 2 बड़े चम्मच काली सरसों, 1 बड़ा चम्मच मेथी दाना, 1 बड़ा चम्मच सौंफ, 1 छोटा चम्मच जीरा, 1 छोटा चम्मच अजवाइन, 1 छोटा चम्मच कलौंजी, चुटकीभर हींग, और 2-3 बड़े चम्मच सरसों का तेल।
अचार बनाने की विधि
नींबू का अचार बनाने के लिए सबसे पहले नींबू को अच्छी तरह से धो लें और फिर किसी खुरदरे पत्थर से हल्के हाथों से रगड़कर उसके छिलके को नरम कर लें। इससे अचार जल्दी गलने में मदद मिलती है।
इसके बाद मेथी, सौंफ, जीरा और काली सरसों को हल्का भूनकर दरदरा पीस लें। अजवाइन को साबुत ही रखें। नींबू को सुखाकर चार टुकड़ों में काटें और बीज निकाल दें। अब कटे हुए नींबू में सभी मसालों को मिलाएं।
एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें और थोड़ा ठंडा होने पर अचार में मिला दें। अचार को बरनी या कांच के जार में रखें, जो पहले से सूखा हो।
अचार को स्टोर करने की विधि
अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए इसे सूखे चम्मच से निकालें और समय-समय पर धूप में रखें। यह अचार न केवल स्वाद में बढ़िया होता है, बल्कि पाचन के लिए भी फायदेमंद होता है।
यह पारंपरिक विधि गांवों में वर्षों से अपनाई जाती रही है और इसका स्वाद हर मौसम में लोगों को पसंद आता है।
Source: NDTV India
