भारतीय रसोई में रोटियों का विशेष महत्व है। गरमागरम, नरम और फूली रोटियां खाने का स्वाद बढ़ा देती हैं। हालांकि, कई बार लोग शिकायत करते हैं कि रोटियां थोड़ी देर बाद सख्त हो जाती हैं। इसका कारण आटे की खराबी नहीं, बल्कि कुछ सामान्य गलतियां होती हैं।
आटा गूंथने की सही विधि
आटा गूंथते समय एक साथ सारा पानी डालने से बचें। इससे आटा कभी-कभी अधिक गीला या सख्त हो जाता है। बेहतर होगा कि आप पानी धीरे-धीरे मिलाएं ताकि आटा नरम बन सके। गुनगुने पानी से आटा गूंथने पर रोटियां भी अधिक नरम बनती हैं।
आटे को आराम देना
आटा गूंथने के बाद तुरंत रोटियां बनाना सही नहीं है। आटे को कम से कम 10 से 30 मिनट के लिए ढककर रखें। इसमें थोड़ा तेल या घी लगाने से आटा सेट हो जाता है और रोटियां मुलायम बनती हैं।
रोटियों को बेलने का तरीका
रोटियां बेलते समय अधिक सूखा आटा लगाने से बचें। अधिक सूखा आटा लगाने से रोटियों की नमी खत्म हो जाती है। इसलिए केवल उतना ही सूखा आटा लगाएं जितना रोटी को चकले पर चिपकने से रोकने के लिए आवश्यक हो।
तवे का तापमान
रोटी बनाने में तवे का सही तापमान होना बहुत जरूरी है। तवा अगर ठंडा होगा तो रोटी सख्त बन सकती है और बहुत गर्म होगा तो जल सकती है। तवे को पहले अच्छी तरह गर्म करें और फिर कम आंच पर रोटी सेंकें।
रोटियों को सही तरीके से रखना
रोटियों को बनते ही खुली प्लेट में छोड़ देने से उनकी नमी उड़ जाती है। इससे कुछ देर बाद रोटियां सख्त हो जाती हैं। रोटियों को बनते ही साफ सूती कपड़े में लपेटकर या ढक्कन वाले डिब्बे में रखें।
Source: NDTV India
