दिवाली के मौके पर घर की सफाई के साथ-साथ मंदिर की सफाई भी महत्वपूर्ण होती है। यह माना जाता है कि साफ-सुथरा और सजा हुआ मंदिर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। चाहे आपका अपना मंदिर हो या किराए के घर में अलमारी के किसी हिस्से को आपने पूजा स्थल बनाया हो, इसे अच्छी तरह साफ करना आवश्यक होता है।
मार्बल का मंदिर कैसे साफ करें
अगर आपके घर में मार्बल का मंदिर है, तो इसे साफ करने के लिए कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं। यूट्यूबर आशू सिंह के अनुसार, संगमरमर के मंदिर को साफ करने के लिए आपको 2 पैकेट ईनो, बेकिंग सोडा, शैंपू, नींबू, टूथब्रश और एक साफ कपड़े की आवश्यकता होगी।
पहले एक बर्तन में थोड़ा पानी लें और उसमें 2 पैकेट ईनो डालें। फिर उसमें थोड़ा शैंपू, लगभग दो चम्मच बेकिंग सोडा और दो नींबू का रस मिलाएं। इस मिश्रण को अच्छे से मिलाएं। अब एक साफ कपड़े से मंदिर पर जमी धूल और गंदगी को साफ करें। इसके बाद कपड़े को तैयार घोल में डुबोएं और मंदिर को पोछते हुए साफ करें। जहां तेल, घी, सिंदूर और चंदन के दाग लगे हों, वहां टूथब्रश से सफाई करें।
लकड़ी का मंदिर कैसे साफ करें
लकड़ी के मंदिर की सफाई के लिए सबसे पहले उसमें रखी सभी मूर्तियों, दीयों और पूजा सामग्री को बाहर निकाल लें। एक सूखे सूती या माइक्रोफाइबर कपड़े से मंदिर की धूल और अगरबत्ती की राख साफ करें।
इसके बाद एक कटोरी में गुनगुना पानी लें और उसमें थोड़ा सा लिक्विड डिश वॉश या शैंपू मिलाएं। अब एक स्पंज से मंदिर की सफाई करें। इससे मंदिर के अंदर और बाहर जमी तेल, घी की चिकनाई और धूपबत्ती की कालिख साफ हो जाएगी। कोनों और नक्काशी वाली जगहों की सफाई के लिए पुराने टूथब्रश का इस्तेमाल करें।
दिवाली के इस पावन अवसर पर साफ-सुथरा और सजा हुआ मंदिर घर में सुख-शांति और समृद्धि लाता है।
Source: NDTV India
