आंवला का अचार भारतीय व्यंजनों में एक विशेष स्थान रखता है और इसे बनाना भी काफी आसान है। ठंड के मौसम में बाजार में आंवला आसानी से उपलब्ध होता है और इसके स्वास्थ्य लाभ को देखते हुए इसे भोजन में शामिल करना फायदेमंद होता है। हालांकि, रोजाना कच्चा आंवला खाना हर किसी के लिए संभव नहीं होता। ऐसे में घर पर बना आंवला का अचार खाने का स्वाद और पोषण दोनों ही बढ़ा देता है।
आंवले का अचार बनाने की विधि
सबसे पहले ताजे और साफ आंवले बाजार से लाएं। आंवलों को अच्छी तरह से धोकर धूप में सुखा लें या किसी सूखे कपड़े से पोंछ लें। इसके बाद, इन्हें भाप में पका लें या कुकर में एक सीटी लगाकर हल्का सा पका लें। ध्यान रखें कि आंवले बहुत अधिक न गलें, केवल इतना पकाना है कि उनकी फांके आसानी से अलग हो जाएं।
फिर इन आंवलों को ठंडा होने दें और उनकी फांके अलग कर लें। अगर आप चाहें तो साबुत आंवलों में टूथपिक से छेद भी कर सकते हैं ताकि मसाले अंदर तक जा सकें।
मसाले और अचार तैयार करने की प्रक्रिया
अचार बनाने के लिए सौंफ, मेथी दाना, कलौंजी, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हींग, नमक और सरसों का तेल लें। सबसे पहले सरसों का तेल गर्म करें और फिर उसे ठंडा होने दें।
अब एक बर्तन में आंवले की फांके डालें और उसमें सभी मसाले और ठंडा तेल मिलाएं। सब कुछ अच्छी तरह से मिक्स कर लें। आपका अचार तैयार है। इसे एक साफ और सूखे कांच के जार में भरकर रख दें। कुछ दिनों तक इसे धूप में रखें ताकि इसका स्वाद और बढ़िया हो जाए।
अचार को ताज़ा रखने के टिप्स
अचार निकालने के लिए हमेशा सूखे चम्मच का ही इस्तेमाल करें। जार में गीला हाथ कभी न डालें। आंवले हमेशा तेल में डूबे रहने चाहिए। इन बातों का ध्यान रखने से आपका आंवला अचार महीनों तक ताज़ा और स्वादिष्ट बना रहेगा।
Source: NDTV India
