अक्सर देखा जाता है कि व्यक्ति जब भीड़ में भी होता है, तब भी वह अकेलापन महसूस करता है। यह स्थिति किसी भी समय हो सकती है, चाहे वह परिवार के साथ हो या दोस्तों के बीच। इसके बावजूद अंदर से एक खालीपन का अनुभव होता है।
अकेलेपन के पीछे की वजह
पुणे स्थित सेंटर फॉर मेंटल हेल्थ की संस्थापक और क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट नूपुर धाकेफालकर के अनुसार, अकेलापन इस बात पर निर्भर नहीं करता कि हमारे जीवन में कितने लोग हैं, बल्कि इस बात पर निर्भर करता है कि हमारे रिश्ते कितने गहरे और भावनात्मक रूप से जोड़ने वाले हैं।
कई बार ऐसा होता है कि भले ही हमारे आसपास बहुत से लोग होते हैं, परंतु उनके साथ हमारा भावनात्मक संबंध नहीं बन पाता। नूपुर बताती हैं कि अकेलापन तब महसूस होता है जब हमें लगता है कि कोई हमारी भावनाओं को नहीं समझ रहा है या हम अपने विचार किसी से साझा नहीं कर सकते।
भावनात्मक जुड़ाव की कमी
अकेलेपन का एक बड़ा कारण भावनात्मक जुड़ाव की कमी है। अक्सर लोग यह सोचकर अपनी भावनाओं को दबा लेते हैं कि उन्हें गलत समझा जाएगा या ठुकरा दिया जाएगा। इस कारण वे अपने मन की बात किसी से नहीं कर पाते।
इसके अलावा, सोशल मीडिया के जमाने में हजारों ऑनलाइन दोस्त होने के बावजूद वास्तविक जीवन में लोगों से जुड़ाव की कमी महसूस होती है। फोन और सोशल मीडिया पर कनेक्शन असली सुकून नहीं दे पाते।
अकेलेपन से कैसे निपटें?
नूपुर के मुताबिक, अकेलापन दूर करने के लिए हमें बहुत सारे लोगों की जरूरत नहीं है। सिर्फ एक ऐसा व्यक्ति चाहिए, जिससे हम अपने दिल की बात बिना किसी झिझक के कर सकें।
ऐसे व्यक्ति के साथ अपनी भावनाएं साझा करना अकेलापन कम करने में मदद कर सकता है। इसके लिए किसी दिखावे की आवश्यकता नहीं होती।
Source: NDTV India
