⚡ Breaking News

केरल में गुड़ की बोरियों में छुपा 19 लाख का गांजा बरामद

केरल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने दीवाली से पहले एक बड़ी कार्रवाई के तहत डिब्रूगढ़-कन्याकुमारी विवेक एक्सप्रेस से 37.7 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इस मादक पदार्थ की कीमत लगभग 19 लाख रुपये बताई जा रही है।

गुड़ की बोरियों में छुपा था गांजा

RPF की टीम ने अलुवा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 22504 विवेक एक्सप्रेस की जांच के दौरान जनरल कोच में चार लावारिस बोरियां बरामद की। शुरूआती नजर में इन बोरियों में गुड़ भरा हुआ प्रतीत हो रहा था। लेकिन जांच में पता चला कि गुड़ की परतों के नीचे गांजा छुपाया गया था।

RPF अधिकारियों के मुताबिक, तस्करों ने जांच एजेंसियों को गुमराह करने के लिए गुड़ की बोरियों का इस्तेमाल किया था। हालांकि, सतर्कता बरतते हुए पूरी खेप को पकड़ लिया गया।

जांच जारी, गिरफ्तारी शेष

फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बोरियां ट्रेन में कहां से रखी गईं और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

यह कार्रवाई सीनियर मंडल सुरक्षा आयुक्त मोहम्मद हनीफ के निर्देश पर और इंस्पेक्टर जिपिन ए.जे. की निगरानी में RPF की क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच ने की। जब्त गांजे को आगे की कार्रवाई और जांच के लिए अलुवा आबकारी विभाग को सौंप दिया गया है।

त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी

RPF अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी तस्कर विभिन्न तरीकों से गांजा तस्करी की कोशिश कर चुके हैं। त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में निगरानी व जांच अभियान को और तेज कर दिया गया है।

Source: NDTV India

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *