बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा काजोल ने अपने अभिनय से एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने ‘कुछ कुछ होता है’, ‘फना’, ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ और ‘दुश्मन’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उनकी याद्दाश्त चली गई थी? यह किस्सा 1998 में आई फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ से जुड़ा है।
गाने की शूटिंग के दौरान हुआ हादसा
फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ के सुपरहिट गाने ‘ये लड़का है दीवाना’ की शूटिंग के दौरान काजोल एक साइकिल से गिर गई थीं। इस हादसे की जानकारी कोरियोग्राफर फराह खान ने अपने ब्लॉग में साझा की थी। फराह ने बताया कि इस दुर्घटना के बाद काजोल की याद्दाश्त कुछ समय के लिए खो गई थी। उन्हें यह भी याद नहीं था कि वे कहां हैं।
फराह खान ने मजाक में कहा कि शायद काजोल करण जौहर की उपस्थिति को भूलने की कोशिश कर रही थीं। काजोल को तीन घंटे बाद होश आया था और फिर उनकी याद्दाश्त भी वापस लौट आई।
फिल्म और गाने की सफलता
फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ का निर्देशन करण जौहर ने किया था। इसमें शाहरुख खान, काजोल, रानी मुखर्जी और सलमान खान ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। ‘ये लड़का है दीवाना’ गाना अलका याज्ञनिक और कुमार सानु की आवाज में गाया गया था, जिसका संगीत जतिन-ललित ने तैयार किया था।
फिल्म के साउंडट्रैक में कुल आठ गाने थे, जो सभी हिट हुए थे। बीबीसी के एक सर्वे में इस फिल्म का साउंडट्रैक दूसरे स्थान पर रहा था। यह गाना आज भी युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय है।
फिल्म की कहानी
‘कुछ कुछ होता है’ की कहानी दो दोस्तों की है, जो एक-दूसरे के बेस्ट फ्रेंड होते हैं। शाहरुख और काजोल एक कॉलेज में पढ़ते हैं। रानी मुखर्जी की एंट्री के बाद शाहरुख को उनसे प्यार हो जाता है। इसके बाद काजोल शाहरुख को छोड़कर अपने घर चली जाती है। लेकिन कहानी में एक ऐसा मोड़ आता है कि दोनों की फिर से मुलाकात होती है।
Source: NDTV India
