दिवाली के मौके पर उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के खेसरहा थाना क्षेत्र के कलनाखोर पेडारी और आसपास के गांवों में गोलगप्पे खाने से 150 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इस घटना के बाद 30 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें 18 बच्चे शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर है।
फूड पॉइजनिंग का गंभीर मामला
स्थानीय ठेले पर गोलगप्पे खाने से प्रभावित लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। स्वास्थ्य विभाग की टीमें तुरंत हरकत में आईं और प्रभावित गांवों में मेडिकल कैंप लगाकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने बताया कि अब तक 30 से 33 मरीजों को भर्ती किया गया है, जिनमें से कई की हालत नाजुक थी। हालांकि, समय पर इलाज मिलने से अब सभी की स्थिति स्थिर है। एम्बुलेंस और बसों से और मरीजों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
पिछले महीने भी आया था ऐसा मामला
ऐसा ही एक मामला पिछले महीने अमेठी जिले के कोटवा गांव में सामने आया था, जहां एक मेले के दौरान खस्ता खाने से 102 लोग बीमार हो गए थे। इनमें 39 बच्चे शामिल थे। इस घटना के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मौके का दौरा किया और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में कैंप लगाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
त्योहारों के दौरान खानपान में लापरवाही का यह कोई पहला मामला नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खाने-पीने का विशेष ध्यान रखें और किसी भी अनहोनी की स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता लें।
Source: NDTV India
