कश्मीर में नशीले पदार्थों के व्यापार के खिलाफ पुलिस ने इस साल एक बड़ी कार्रवाई की है। कश्मीर जोन के आईजी सुजीत कुमार ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत 1500 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। इसके तहत लगभग 2000 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और ड्रग्स से संबंधित वित्तीय लेन-देन के 567 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में किए गए अहम खुलासे
आईजी सुजीत कुमार ने अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात का खुलासा किया कि ड्रग तस्करों की करोड़ों की संपत्तियां जब्त की गई हैं और लगभग 1.10 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ड्रग्स के वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के तहत 1.31 करोड़ रुपये की राशि वाले 567 बैंक खातों को फ्रीज किया गया है।
युवाओं से अपील
आईजी सुजीत कुमार ने युवाओं से अपील की है कि वे नशे और साइबर क्राइम के खिलाफ लड़ाई में पुलिस का साथ दें। उन्होंने यह आश्वासन दिया है कि सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी। उन्होंने कहा, ‘जिसके पास भी ड्रग्स पेडलिंग के बारे में जानकारी हो, वह आगे आए। अगर कोई मदद के लिए पुलिस स्टेशन या नशा मुक्ति केंद्र जाता है, तो हम उसकी मदद करेंगे और उसकी पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।’
साइबर क्राइम पर भी सख्ती
साइबर क्राइम को लेकर भी आईजी ने युवाओं को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि हाल के महीनों में 54 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की शिकायतें मिली हैं, जिनमें से करीब 13 से 14 फीसदी रकम बरामद की गई है और 7 करोड़ रुपये से अधिक पीड़ितों को वापस लौटाए गए हैं। कुमार ने युवाओं से अपील की कि वे ऐसी गतिविधियों में शामिल न हों।
Source: NDTV India
