दिवाली के त्यौहार का आनंद मिठाइयों के बिना अधूरा लगता है। इस अवसर पर अक्सर लोग बाजार से मिठाइयां खरीदते हैं, लेकिन घर पर बनी मिठाइयों का स्वाद और आनंद कुछ अलग ही होता है। अगर आप इस दिवाली कुछ पारंपरिक और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो बालूशाही एक बेहतरीन विकल्प है। यह मिठाई बाहर से खस्ता और अंदर से नरम होती है, जो हर उम्र के लोगों को पसंद आती है। अच्छी बात यह है कि इसे बनाना उतना मुश्किल नहीं है जितना लोग समझते हैं।
बालूशाही के लिए सामग्री
बालूशाही बनाने के लिए आपको चाहिए:
- 2 कप मैदा
- ½ कप घी
- ½ छोटा चम्मच बेकिंग सोडा
- ½ कप दही
- ठंडा पानी
- घी या तेल तलने के लिए
चाशनी के लिए सामग्री
- 2 कप चीनी
- 1 कप पानी
- 4-5 इलायची
- केसर के धागे
- कटी हुई पिस्ता और बादाम
बालूशाही बनाने की विधि
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा और बेकिंग सोडा छान लें। इसमें घी डालकर हाथों से अच्छी तरह मिलाएं। जब मिश्रण मुठ्ठी में दबाने पर बंधने लगे, तब इसमें दही मिलाएं। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर हल्का सख्त और मुलायम आटा गूंथ लें। आटे को ज्यादा नहीं मसलना है, क्योंकि इससे बालूशाही की परतें नहीं बनेंगी। आटे को 20 से 25 मिनट के लिए ढककर रख दें।
चाशनी तैयार करें
एक पैन में चीनी और पानी डालकर उबालें। इसमें इलायची और केसर डाल दें। एक तार की चाशनी तैयार होने पर गैस बंद कर दें।
बालूशाही तलें
आराम किए हुए आटे से छोटे-छोटे गोले बनाएं और बीच में अंगूठे से हल्का दबाव देकर थोड़ा गड्ढा बना लें। कड़ाही में घी या तेल को धीमी आंच पर गर्म करें। जब तेल हल्का गर्म हो जाए, तब बालूशाही डालें। इन्हें बहुत धीमी आंच पर गोल्डन होने तक फ्राई करें। जल्दबाजी में तेज आंच पर तलने से बालूशाही बाहर से पक जाएगी लेकिन अंदर से कच्ची रह सकती है।
जब बालूशाही गोल्डन रंग की हो जाए, तब इन्हें निकालकर 2-3 मिनट ठंडा होने दें। इसके बाद गुनगुनी चाशनी में 8 से 10 मिनट के लिए डुबोकर रखें। इससे चाशनी अच्छी तरह अंदर तक समा जाएगी। अब बालूशाही को एक प्लेट में निकालें और ऊपर से कटे हुए पिस्ता व बादाम से गार्निश करें और मजे लें।
परफेक्ट बालूशाही के टिप्स
आटे को ज्यादा न गूथें। फ्राई करते समय आंच हमेशा धीमी रखें। चाशनी एक तार की होनी चाहिए। बालूशाही को गुनगुनी चाशनी में ही डालें।
Source: NDTV India
