अमेरिका के फ्लोरिडा में एक भयानक विमान दुर्घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। लियरजेट 60 विमान, जो टेक्सास से बहामास की ओर जा रहा था, खराब मौसम और टर्बुलेंस के कारण अनियंत्रित होकर तेजी से नीचे गिर गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की जलकर मौत हो गई।
भयानक मंजर का वीडियो वायरल
इस दुर्घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि विमान किसी मिसाइल की तरह तेज गति से जमीन पर गिरता है और तुरंत ही धमाके के साथ फट जाता है। यह वीडियो वहां से गुजर रहे वाहनों में बैठे यात्रियों ने रिकॉर्ड किया।
फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने घटनास्थल का दौरा किया और इसे एक भयानक हादसा बताते हुए कहा कि यह दृश्य किसी मिसाइल के गिरने जैसा था।
जांच और कारण
अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने इस दुर्घटना की पुष्टि की है। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने एक टीम को भेजा है जो इस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड की मदद करेगी।
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा और एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग के अनुसार, विमान 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था जब पायलट ने खराब मौसम और टर्बुलेंस की सूचना दी। पायलट ने विमान को ऊंचाई पर ले जाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन कुछ ही देर में विमान तेजी से नीचे गिरने लगा।
पायलट की अंतिम चेतावनी
पायलट ने इमरजेंसी संदेश भेजते हुए कहा कि विमान तेजी से नीचे गिर रहा है और ‘मेडे, मेडे’ कहकर मदद की गुहार लगाई। पायलट का अंतिम संदेश था कि विमान जमीन से टकराने वाला है। इसके कुछ ही क्षण बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
यह दुर्घटना घरों से टकराने से बाल-बाल बची और एक व्यस्त सड़क के पास जाकर गिरा, जिससे सड़क पर आग लग गई और एक बड़ा गड्ढा बन गया।
Source: BBC World News
