दतिया उपचुनाव में बीजेपी ने नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। इससे नरोत्तम मिश्रा के समर्थक भड़क गए।
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को चुनाव होना है। यहां से भाजपा ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने से समर्थक भड़क गए। चक्काजाम कर पुलिस पर पथराव कर दिया। SP समेत 8 पुलिसकर्मी घायल हो
.
शनिवार सुबह प्रशासन ने पूरे जिले में BNSS की धारा 163 लागू कर दी। बिना अनुमति किसी भी सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन और सार्वजनिक आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही 5 या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर भी रोक लगा दी गई है। कोतवाली पुलिस ने 27 बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज की है।
टिकट कटने के बाद पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा CM हाउस पहुंचे। मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में हाई लेवल मीटिंग हुई। मीटिंग में दतिया जिताने की बात पर सहमति बनी। नरोत्तम मिश्रा CM हाउस से लौट आए हैं।
इसके पहले नरोत्तम मिश्रा ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा- पार्टी के किसी बड़े नेता का उन्हें फोन नहीं आया। पार्टी ने जो निर्णय लिया है, उसका मैं सम्मान करता हूं। नाराज कार्यकर्ताओं को मना लिया जाएगा। सभी मिलकर काम करेंगे।
CM बोले- भगवान की दया है, दतिया जीतेंगे
वहीं, उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- भगवान की दया है। अब तक जीत का सिलसिला जारी है। दतिया उपचुनाव भी जीतेंगे। वहीं, उज्जैन में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- भाजपा में टिकट बदलने की परंपरा नहीं है।

कैलाश बोले- टिकट घोषित होने के बाद बदलने की परंपरा भाजपा में नहीं
प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के भीतर चल रही नाराजगी पर कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक पार्टी है। कार्यकर्ताओं को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन सभी कार्यकर्ताओं से बातचीत कर मतभेद दूर करेगा। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भारी मतों से जीतेंगे।

विजयवर्गीय ने कहा- डॉ. नरोत्तम मिश्रा पार्टी के वरिष्ठ और समर्पित नेता हैं। संगठन के निर्णय का सम्मान करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा में टिकट घोषित होने के बाद उसे बदलने की परंपरा नहीं है। दतिया में भी उम्मीदवार बदलने की संभावना नहीं है।
हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त बल तैनात
शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे हुए पथराव में एसपी, एसडीओपी और आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं नरोत्तम मिश्रा के कुछ समर्थकों के भी घायल होने की सूचना है। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया। बताया गया कि कुछ समर्थकों ने भाजपा कार्यालय में खुद को बंद कर लिया था, जिन्हें बाद में प्रशासन की समझाइश के बाद बाहर निकाला गया।
भाजपा कार्यालय में 250 कार्यकर्ता नजरबंद
बड़ौनकलां में जाम की सूचना के बाद प्रशासन ने एहतियातन दतिया स्थित भाजपा कार्यालय में करीब 250 कार्यकर्ताओं को अंदर ही रोक दिया। कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे इलाके की निगरानी की गई, ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े।
प्रदर्शन से जुड़ी तस्वीरें

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को काबू करने के लिए आंसू गैस भी छोड़ी।

शनिवार सुबह एक बार फिर हंगामे की स्थिति बनी, जिसे पुलिस ने कंट्रोल कर लिया।

एहतियात के तौर पर पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।

दतिया भाजपा कार्यालय में करीब 250 कार्यकर्ता नजरबंद बताए जा रहे हैं।

भाजपा कार्यालय के अंदर कई नजरबंद कार्यकर्ता सोते हुए नजर आए।

पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया है।

टिकट विवाद के बीच भाजपा के दतिया प्रभारी अभय प्रताप यादव शनिवार को दतिया पहुंचे। जब वे बात कर रहे थे, तभी कार्यकर्ता आशुतोष तिवारी मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे।



………………………………….
यह खबर भी पढ़ें
कांग्रेस ने दतिया राजघराने के घनश्याम को बनाया प्रत्याशी

घनश्याम सिंह दतिया राजघराने के मुखिया हैं, जिन्हें कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है। दतिया में जश्न का माहौल।
दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने पूर्व विधायक और दतिया राजघराने के मुखिया घनश्याम सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है। इसकी घोषणा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने की। घनश्याम सिंह और भाजपा के आशुतोष तिवारी के बीच सीधा मुकाबला होगा। पढ़ें पूरी खबर…
लाइव ब्लॉग के मिनट टु मिनट अपडेट के लिए यहां से गुजर जाइए…
