मुंबई8 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मुंबई के स्कूल बस हादसे में जान गंवाने वाले विहान की मां घर में बैट पकड़कर बैठी हैं।
मुंबई में स्कूल बस हादसे में जान गंवाने वाले विहान श्रीवास्तव का बुधवार को अंतिम संस्कार हुआ। इस दौरान क्रिकेट बॉल उसके साथ रखी गई। विहान के परिवार ने बताया, ‘उसे क्रिकेट बहुत पसंद था और उसका सपना प्रोफेशनल क्रिकेटर बनने का था, लेकिन इस हादसे ने उसके सारे सपने खत्म कर दिए।’
रिश्तेदार अनिल ने बताया कि उसकी मां जूही को अब भी यकीन नहीं हो रहा कि उनका बेटा इस दुनिया में नहीं रहा। वह घर में बेटे का क्रिकेट बैट सीने से लगाए बैठी हैं। वह बार-बार यही कह रही हैं कि विहान अभी खेलने जाएगा।
मंगलवार को स्कूल से लौटते वक्त उसकी बस पर 70 साल पुराना पीपल का पेड़ गिर गया था। इस हादसे में विहान समेत 11 बच्चे घायल हो गए थे। इलाज के दौरान विहान की मौत हो गई।
हादसे से जुड़ी 2 तस्वारें…

मुंबई के चेंबूर इलाके में मंगलवार को स्कूल बस पर पीपल का पेड़ गिर गया था। इससे बस का अगला और बीच का हिस्सा पूरी तरह से दब गया था।

11 साल का विहान बस में फंस गया था, उन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया जहां उपचार के दौरान उनकी जान चली गई।
महाराष्ट्र के मंत्री बोले- कौन सा पेड़ गिरेगा कोई नहीं जानता
इससे पहले हादसे पर राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने कहा- पेड़ गिरना, बिजली गिरना किसी के हाथ में नहीं होता। यह पहले से पता नहीं चलता कि कौन सा पेड़ गिरने वाला है।
पेड़ों के ऑडिट के सवाल पर मंत्री ने बुधवार को कहा कि ऑडिट नियमित रूप से किया जाता है। सरकार विधानसभा में हादसे पर बयान देगी। नगर निगम को भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया है।
विपक्ष ने मंत्री के बयान को असंवेदनशील बताया
मंत्री के बयान को विपक्ष ने असंवेदनशील बताते हुए सरकार और मुंबई महानगरपालिका (BMC) की मानसून तैयारियों और पेड़ों के ऑडिट पर सवाल उठाए हैं।
- कांग्रेस नेता नाना पटोले- उन्हें विधानसभा में इस मुद्दे पर सरकार से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। सरकार मानसून तैयारियों में विफल रही है और इस मामले में हाईकोर्ट को स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए।
- NCP (शरद गुट) नेता क्लाइड क्रास्टो- मंत्री के बयान को “शर्मनाक और बेशर्म” बताया। उन्होंने कहा कि एक बच्चे की मौत को प्राकृतिक घटना बताना बेहद असंवेदनशील है। हर मानसून से पहले पेड़ों का ऑडिट होना चाहिए, लेकिन इस मामले में ऑडिट और रखरखाव सही तरीके से नहीं किया गया।
——————————————
ये खबर भी पढ़ें…
MP-बिहार में बिजली गिरने से 8 की मौत, जम्मू-कश्मीर में बादल फटा, अरुणाचल में बाढ़

मध्य प्रदेश के हरदा-खरगोन में बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि बैतूल में एक ही परिवार के चार लोग झुलस गए। वहीं, चंपा नदी के उफान में बाइक समेत दो युवक बह गए। जम्मू-कश्मीर को डोडा में बुधवार सुबह 2 बार बादल फटा। भलेसा के कलालगीसर इलाके में बादल फटने से बाढ़ आ गई। पूरी खबर पढ़ें…

