⚡ Breaking News

गोवर्धन पूजा 2026: जानें पूजन विधि, परिक्रमा के नियम और क्या चढ़ाएं

गोवर्धन पूजा का पर्व दिवाली के अगले दिन मनाया जाता है, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत की पूजा होती है। इस दिन लोग घरों में गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाते हैं और विधिपूर्वक पूजा करते हैं। लेकिन इस पूजा के दौरान कितनी परिक्रमा करनी चाहिए, इसके लिए कुछ नियम और परंपराएं हैं जिनका पालन आवश्यक है।

गोवर्धन पूजा का शुभ मुहूर्त

आचार्य मदन मोहन के अनुसार, इस बार गोवर्धन पूजा 10 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी। कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे से शुरू होकर 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक रहेगी। पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 6:41 से 8:51 बजे तक है और शाम का गौधूलि मुहूर्त 5:30 से 5:56 बजे तक है।

गोवर्धन पूजा की विधि

गोवर्धन पूजा के दिन सुबह स्नान करके घर के आंगन को साफ करें। इसके बाद स्वच्छ स्थान पर गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत, भगवान श्रीकृष्ण और गाय-बछड़ों की आकृतियां बनाएं और उन्हें फूलों से सजाएं। गोवर्धन महाराज का मुख पश्चिम दिशा की ओर रखें और उनकी नाभि पर मििट्टी का दीपक रखें। पूजा में रोली, अक्षत, चंदन, मौली, धूप और फूल अर्पित करें।

परिक्रमा के नियम

गोवर्धन पूजा में गोबर से बनी आकृति की सात परिक्रमा करने की परंपरा है। परिक्रमा हमेशा दक्षिणावर्त यानी घड़ी की दिशा में करनी चाहिए, और इस दौरान गोवर्धन पर्वत दाईं ओर रहना चाहिए। हाथ में लोटा लेकर जल या दूध की पतली धारा गिराते हुए परिक्रमा करें और भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण करें।

भोग और अन्य नियम

गोवर्धन पूजा में अन्नकूट, बाजरे की खिचड़ी, मक्खन, मिश्री और छप्पन भोग अर्पित किए जा सकते हैं। गायों के लिए गुड़, हरा चना और बाजरा भी रखा जा सकता है। पूजा में बासी या झूठा भोजन, तामसिक चीजें और टूटे बर्तनों का उपयोग करने से बचें।

पूजा समाप्त होने के बाद अन्नकूट और प्रसाद परिवार, रिश्तेदारों व पड़ोसियों में बांटें। गोबर से बनी आकृति को 24 घंटे बाद हटाकर सुखा लें और उपले बनाकर हवन या अन्य धार्मिक कार्यों में इस्तेमाल करें। परिक्रमा में इस्तेमाल किए गए फूल-पत्तियों को गमले की मिट्टी में दबा दें या कंपोस्ट बनाने में उपयोग करें।

Source: NDTV India

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *