गोवर्धन पूजा के अवसर पर अन्नकूट की सब्जी बनाने की परंपरा है जो स्वाद और आस्था का अनूठा संगम प्रस्तुत करती है। यह सब्जी विभिन्न मौसमी सब्जियों और मसालों से तैयार की जाती है और इसे बिना प्याज-लहसुन के बनाया जाता है। इससे यह सब्जी और भी खास बन जाती है।
अन्नकूट की सब्जी की तैयारी
अन्नकूट की सब्जी को बनाने के लिए आवश्यक सामग्री में आलू, बैंगन, शिमला मिर्च, टमाटर, गाजर, फूलगोभी, मूली, कद्दू, लौकी और हरी मिर्च शामिल हैं। इसके अलावा मेथी, पालक और मूली के पत्ते भी डाले जाते हैं। मसाले के लिए जीरा, तेजपत्ता, अदरक, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, अमचूर पाउडर, कसूरी मेथी, सरसों का तेल, घी, हींग, हल्दी और नमक की आवश्यकता होती है।
इन सब्जियों और हरी पत्तियों को अच्छी तरह धोकर बड़े टुकड़ों में काट लें। अब इन्हें कुकर में डालें और हल्दी, नमक तथा एक कप पानी मिलाकर दो सीटी आने तक पकाएं। इसके बाद सब्जियों को हल्का मैश कर लें लेकिन ध्यान रहे कि सब्जियां पूरी तरह पेस्ट न बनें।
अन्नकूट सब्जी की विधि
अब लोहे की कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें। इसमें जीरा, तेजपत्ता, हरी मिर्च और कद्दूकस किया हुआ अदरक डालकर भूनें। फिर कटे हुए टमाटर डालें और नमक, धनिया पाउडर, हल्दी व लाल मिर्च मिलाकर अच्छे से पकाएं। जब टमाटर गल जाएं, तब एक-दो चुटकी हींग डालें।
अब उबली हुई सब्जियों को मसाले में मिलाएं और गरम मसाला, अमचूर पाउडर और कसूरी मेथी डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। सब्जी को 15 से 20 मिनट तक लगातार चलाते हुए भूनें। अंत में एक बड़ा चम्मच घी और ढेर सारा हरा धनिया डालकर मिला दें।
इस सब्जी को गरमा-गरम पूड़ियों के साथ परोसें। इसे रोटी, फुल्का, चावल या पाव के साथ भी खाया जा सकता है।
Source: NDTV India
