भिंडी की सब्जी भारतीय रसोई में बेहद लोकप्रिय है, लेकिन इसका चिपचिपापन अक्सर इसे बनाने में परेशानी खड़ी करता है। जब भिंडी से चिपचिपा रस निकलने लगता है, तो यह देखने में आकर्षक नहीं लगती और खाने का मजा खराब कर देता है। इस समस्या से निपटने के लिए कुछ आसान घरेलू तरीके हैं जिनसे भिंडी की सब्जी को बेहतर बनाया जा सकता है।
भिंडी धोने और काटने की सही विधि
भिंडी को काटने से पहले अच्छी तरह धो लें और फिर किसी साफ कपड़े से पोंछ लें। इसे धूप या पंखे के नीचे सूखने दें। जब भिंडी पूरी तरह सूख जाए, तभी इसे छोटे टुकड़ों में काटें। कटिंग करते समय ध्यान रखें कि चाकू सूखा हो। इस विधि से भिंडी का चिपचिपापन काफी हद तक कम हो जाता है।
भिंडी की सब्जी बनाते समय ध्यान रखने योग्य बातें
जब भिंडी को पकाना शुरू करें, तो उसमें दो से तीन मिनट के बाद आधा चम्मच नींबू का रस मिलाएं। नींबू का एसिड चिपचिपापन कम करने में मदद करता है। अगर नींबू उपलब्ध नहीं है, तो अमचूर पाउडर का उपयोग कर सकते हैं। इसे सब्जी के आधा पकने पर डालें।
दही भी एक अच्छा विकल्प है। थोड़ा सा फेंटा हुआ दही डालने से सब्जी का चिपचिपापन कम होता है और इसका स्वाद भी बढ़ता है। कुछ बूंदे सिरके की डालने से भी भिंडी अलग-अलग और स्वादिष्ट बनती है।
अतिरिक्त सुझाव
नमक हमेशा अंत में डालें क्योंकि शुरू में नमक डालने से भिंडी पानी छोड़ने लगती है, जिससे चिपचिपापन बढ़ जाता है। भिंडी को कभी भी ढककर न पकाएं, क्योंकि भाप का पानी अंदर गिरने से लबाब ज्यादा बनता है। तेल की मात्रा सही रखें और आंच को मीडियम रखें, ताकि भिंडी अच्छे से भुने और चिपके नहीं।
Source: NDTV India
