⚡ Breaking News

12 भारतीयों की मौत पर कतर के अमीर शेख तमीम दु:खी, भारत लगाया फोन, कॉल के बाद पीएम मोदी बोले- ‘हम दोनों ने…’


Qatar Gas Plant Accident: कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित एलएनजी कॉम्प्लेक्स में हुए विस्फोट और आग की घटना में 12 भारतीय नागरिकों की मौत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से फोन पर बातचीत की. प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले भारतीयों के प्रति संवेदना जताने के लिए कतर के अमीर का आभार व्यक्त किया.

पीएम मोदी ने एक्स पर दी जानकारी

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उन्होंने कतर के अमीर से बातचीत की और हादसे में जान गंवाने वाले भारतीयों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. दोनों नेताओं ने मृतकों के परिजनों के दुख में साझेदारी जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

 

 

भारत-कतर नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और कतर दोनों देश अपने नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. दोनों देशों ने इस दुखद घड़ी में एक-दूसरे के साथ मजबूती से खड़े रहने का भरोसा दिया. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर भी चर्चा हुई. प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए कतर की सकारात्मक भूमिका की सराहना की और उम्मीद जताई कि ये प्रयास स्थायी शांति और स्थिरता का रास्ता खोलेंगे.

द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने पर सहमति

दोनों नेताओं ने भारत और कतर के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई. साथ ही भविष्य में भी लगातार संपर्क में रहने पर सहमति जताई गई. प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे के बाद घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए कतर सरकार का धन्यवाद किया.

रास लाफान गैस प्लांट में हुआ था भीषण हादसा

गौरतलब है कि रविवार शाम कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित बरजान गैस सप्लाई सुविधा में भीषण विस्फोट और आग लग गई थी. यह संयंत्र कतरएनर्जी एलएनजी द्वारा संचालित किया जाता है. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था.

13 लोगों की मौत, 66 घायल

कतर के ऊर्जा राज्य मंत्री साद शरीदा अल-काबी ने दोहा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि 66 लोग घायल हुए हैं.

भारतीय दूतावास ने की पुष्टि

दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को पुष्टि की थी कि मृतकों में 12 भारतीय नागरिक शामिल हैं. दूतावास ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कतर प्रशासन प्रभावित परिवारों और घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है. हादसे के बाद भारत और कतर के बीच लगातार संपर्क बना हुआ है. दोनों देश प्रभावित लोगों की सहायता और राहत कार्यों को लेकर समन्वय के साथ काम कर रहे हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *