भूगोल में बैचलर या मास्टर डिग्री प्राप्त करने वाले छात्रों के लिए करियर के कई विकल्प मौजूद हैं। पारंपरिक रूप से शिक्षण और प्रोफेसरशिप को ही भूगोल के छात्रों के लिए उपयुक्त करियर माना जाता था। लेकिन अब तकनीकी प्रगति के साथ, रिमोट सेंसिंग और जीआईएस जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार के नए अवसर उभरे हैं।
रिमोट सेंसिंग और GIS के क्षेत्र में करियर
रिमोट सेंसिंग के क्षेत्र में विशेषज्ञ उपग्रहों और हवाई जहाज से ली गई तस्वीरों की जांच करते हैं। यह तकनीक भूमि के उपयोग, वनों की कटाई, और जलमार्गों के रुख के अध्ययन में सहायता करती है। दूसरी ओर, GIS विशेषज्ञ डिजिटल नक्शे तैयार करने के लिए उपग्रह डेटा का उपयोग करते हैं। यह तकनीक स्मार्ट सिटी विकास, कृषि, मौसम पूर्वानुमान और आपदा प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
भूगोल के छात्रों के लिए शीर्ष नौकरियों के विकल्प
भूगोल में डिग्री प्राप्त करने के बाद, छात्रों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में करियर के अवसर मौजूद हैं। GIS एनालिस्ट का काम उपग्रह से प्राप्त डेटा का विश्लेषण कर डिजिटल मैप बनाना होता है। रिमोट सेंसिंग विशेषज्ञ उपग्रह और ड्रोन से प्राप्त तस्वीरों की जांच करते हैं। ड्रोन विशेषज्ञ कृषि और निर्माण कार्यों में ड्रोन के उपयोग से सटीक नक्शे तैयार करते हैं।
इसके अलावा, एनवायर्नमेंटल कंसल्टेंट्स प्राकृतिक संसाधनों के डेटा का अध्ययन कर परियोजनाओं का पर्यावरण पर प्रभाव का आकलन करते हैं। स्पेशियल डेटा साइंटिस्ट्स भूगोल और डेटा साइंस की समझ के साथ गहन डेटा विश्लेषण करते हैं।
सरकारी और निजी क्षेत्र में अवसर
भूगोल विशेषज्ञों के लिए इसरो, नेशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर (NRSC), सर्वे ऑफ इंडिया, वन विभाग और मौसम विभाग जैसे सरकारी संस्थानों में रोजगार के अवसर हैं। राज्य सरकारों के भू-लेख विभागों में भी भूगोल विशेषज्ञों की मांग रहती है। हालांकि, हर पद के लिए विशेष शैक्षणिक योग्यता और तकनीकी कौशल की आवश्यकता होती है।
Source: NDTV India
