अमेरिकी कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग पर चीन की खुफिया एजेंसियों द्वारा हनीट्रैप के जरिए जासूसी का आरोप लगाया गया है। चीन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें बेतुकी अटकलें और बदनाम करने की कोशिश करार दिया है।
चीन का आधिकारिक बयान
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की रिपोर्ट से जुड़े सवालों के जवाब में कहा कि ये रिपोर्टें बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि चीन को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। भारत में चीनी दूतावास के प्रवक्ता यू जिंग ने भी इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि चीन एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग के खिलाफ लगाए गए तथाकथित ‘चीनी जासूसी’ के आरोपों को पूरी तरह से नकारता है।
एनवीडिया का बयान और स्वतंत्र जांच
एनवीडिया ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने एक स्वतंत्र जांच शुरू की है। इस जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि क्या कंपनी के सीईओ जेन्सेन हुआंग चीन के खुफिया ऑपरेशन का निशाना बने थे। जांच समिति बाहरी स्वतंत्र सलाहकारों की मदद से काम कर रही है और कंपनी की राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही है।
बोर्ड का कहना है कि उन्हें ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया के गोपनीय रहस्यों से कोई समझौता हुआ है, लेकिन वे सभी उपलब्ध जानकारियों की समीक्षा करेंगे।
हनीट्रैप का आरोप और अमेरिकी सरकार की चिंता
‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का दावा है कि एलिस हुआंग नामक एक चीनी महिला कारोबारी ने एनवीडिया के सीईओ के साथ करीबी संबंध बनाए थे। अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि एलिस को चीन की शीर्ष खुफिया एजेंसी ने काम पर रखा था।
यह आशंका भी जताई गई है कि एलिस हुआंग की कंपनी मेगास्पीड एनवीडिया के प्रतिबंधित सेमीकंडक्टर्स की चीन में अवैध तस्करी में शामिल थी। यह कंपनी दक्षिण-पूर्व एशिया में डेटा सेंटर बनाती है और अलीबाबा को कंप्यूटिंग क्षमता किराए पर देती है।
Source: NDTV India
