65 साल पहले एक भोजपुरी फिल्म में पहली बार छठ महापर्व को बड़े पर्दे पर दिखाया गया था। इस फिल्म का नाम था ‘भैया’, जिसका निर्देशन फणी मजूमदार ने किया था। इस फिल्म में पहली बार छठी मैया का गीत फिल्माया गया था, जो उषा मंगेशकर की आवाज में था। इस गीत के बोल ‘सुपवे नरियरवे’ थे और इसे सुनकर दर्शक भावुक हो जाते थे।
फिल्म ‘भैया’ की कहानी
फिल्म ‘भैया’ की कहानी परमानंद नामक युवक के इर्दगिर्द घूमती है, जो गरीबी में जीवन व्यतीत करता है। उसके परिवार में उसकी विधवा सौतेली मां माया और दो सौतेले भाई-बहन हैं। परमानंद का दिल बिंदु पर आ जाता है और वह उससे शादी करने का सपना देखता है। लेकिन जब उसका सौतेला भाई मुरली शहर से पढ़ाई करके लौटता है तो वह भी बिंदु से प्रेम करने लगता है। यह जानकर परमानंद पीछे हट जाता है।
छठ पूजा का महत्व
छठ पूजा भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना का पर्व है, जो मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मनाया जाता है। इस पर्व में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है, जो जीवन चक्र और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रतीक है। इस पूजा के माध्यम से अच्छे स्वास्थ्य, संतान सुख और लंबी आयु की कामना की जाती है।
फिल्म ‘भैया’ में दर्शाए गए छठ पूजा के दृश्य और उषा मंगेशकर की आवाज में गाए गए गीत ने इस पर्व की महत्ता को और भी बढ़ा दिया। चित्रगुप्त के संगीत निर्देशन में बने इस गीत को विद्यावाशिनी देवी और प्रेम धवन ने लिखा था।
Source: NDTV India
