उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों को एक पत्र के माध्यम से शुभकामनाएं दी हैं। इस पत्र में उन्होंने दीपोत्सव के महत्व और भगवान श्रीराम के आदर्शों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार और दोस्तों के साथ अयोध्या आकर इस महापर्व का हिस्सा बनें।
दीपोत्सव का सांस्कृतिक और आर्थिक महत्व
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पत्र में दीपोत्सव को सिर्फ रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था और परंपराओं से जुड़ा महापर्व बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की याद दिलाता है और उनके आदर्शों को पुनः स्थापित करता है।
योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीराम के भाई भरत का उदाहरण देते हुए कहा कि सत्ता का असली अर्थ अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाना है। उन्होंने दीपोत्सव को त्याग, मर्यादा और समर्पण जैसे मूल्यों का प्रचारक बताया।
रोजगार के अवसर और आर्थिक विकास
मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव के आर्थिक पहलुओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से कुम्हारों, फूल विक्रेताओं, होटल व्यवसायियों और अन्य स्थानीय व्यापारियों को रोजगार के नए अवसर मिलते हैं। उन्होंने इसे आस्था और अर्थव्यवस्था का संगम बताया।
सीएम योगी ने कहा कि दीपोत्सव के जरिए जहां रोशनी होती है, वहां सुरक्षा का माहौल होता है। सुरक्षा से निवेश के अवसर बढ़ते हैं और निवेश से विकास और रोजगार को बढ़ावा मिलता है।
जरूरतमंदों की सहायता की अपील
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे जरूरतमंद लोगों की मदद करें। उन्होंने कहा कि अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंद परिवारों को दीये, मिठाइयां और नए कपड़े दें, जिससे उनकी दिवाली भी खुशियों से भर सके।
उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच रखने और नकारात्मका से दूर रहने की भी अपील की। साथ ही, लोगों से स्थानीय कारीगरों के बनाए दीये और अन्य सामान खरीदने का आग्रह किया, जिससे उनके काम को प्रोत्साहन मिल सके।
Source: BBC World News
